जामुड़िया :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त की खबर आते ही राज्य के कई हिस्सों से गंभीर राजनीतिक हिंसा की खबरें सामने आने लगी हैं। विशेष रूप से आसनसोल और जामुड़िया इलाकों में तनाव चरम पर है, जहाँ मतगणना पूरी होने से पहले ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्टी कार्यालयों में आगजनी और बमबाजी की घटनाएं हुई हैं। जामुड़िया के चुरुलिया क्षेत्र में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय पार्टी कार्यालय में अचानक आग लगा दी गई।
टीएमसी नेताओं का आरोप है कि इस घटना के पीछे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के समर्थकों का हाथ है, जिन्होंने जीत की संभावना देखते ही उनके कार्यालय को निशाना बनाया। देखते ही देखते कार्यालय का काफी सामान जलकर खाक हो गया। वहीं, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर इलाके में भी टीएमसी कार्यालय पर हमला हुआ। यहाँ अज्ञात हमलावरों द्वारा बम फेंकने का आरोप लगाया गया है, जिसका जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं को ठहराया जा रहा है।




0 Comments