Kulti के राधानगर-चिनाकुड़ी मार्ग पर अवरोध कर प्रदर्शन, जर्जर सड़क के मरम्मत की मांग

आसनसोल :- कुल्टी के राधानगर इलाके में सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय निवासियों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 102 के अंतर्गत आने वाले राधानगर दुर्गा मंदिर के पास ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि राधानगर से चिनाकुड़ी तक जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे आवागमन जानलेवा साबित हो रहा है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि सड़क की दयनीय स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और इस मार्ग पर चलना दूभर हो चुका है। निवासियों ने दावा किया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पार्षद से गुहार लगाई गई, लेकिन आश्वासन के अलावा धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता से नाराज होकर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।




हंगामे की सूचना मिलते ही नियामतपुर फाड़ी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने उत्तेजित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस के ठोस आश्वासन और सड़क मरम्मत की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के वादे के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क से अवरोध हटाया गया। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का जीर्णोद्धार नहीं किया गया, तो वे भविष्य में और भी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments