कोलकाता :- कोलकाता के हाई-प्रोफाइल कालीघाट थाने के प्रभारी (OC) के पद को लेकर नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है। शनिवार को गौतम दास को हटाकर चमेली मुखर्जी को OC पद पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया गया था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा द्वारा जारी नए निर्देश के अनुसार, अब बलाई बाग को कालीघाट थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। बलाई बाग इससे पहले कोलकाता पुलिस के भांगड़ डिवीजन के पोलेरहाट थाने में अतिरिक्त ओसी के रूप में कार्यरत थे। दरअसल, यह पूरा विवाद पूर्व ओसी गौतम दास की एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था। गौतम दास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अत्याधुनिक हथियारों के साथ एक फोटो साझा की थी, जिसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग और पुलिस कमिश्नर से लिखित शिकायत की थी। पार्टी का आरोप था कि इस तरह की तस्वीरें चुनाव के माहौल को प्रभावित कर सकती हैं। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने गौतम दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था, जिसके बाद अब बलाई बाग को दक्षिण कोलकाता के इस महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

0 Comments