ब्रिगेड परेड ग्राउंड में PM Narendra Modi ने बंगाल की जनता को झुककर किया साष्टांग प्रणाम

कोलकाता :- कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण का गवाह बना। इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करने के बजाय अपने आचरण से बंगाल की जनता का दिल जीत लिया। मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने सबसे पहले विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। संयोगवश आज 25 बैसाख यानी रवींद्र जयंती का पावन अवसर है, जिसे ध्यान में रखकर ही इस शपथ ग्रहण के लिए शनिवार का दिन चुना गया था।



श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, प्रधानमंत्री ने मंच के बीचो-बीच जाकर वहां उपस्थित जनसैलाब की ओर मुख किया और घुटनों के बल बैठकर साष्टांग प्रणाम किया। उन्होंने बंगाल की 'जनशक्ति' के प्रति अपना सर्वोच्च सम्मान प्रकट करते हुए जमीन पर लेटकर शीश नवाया। इस भावुक पल का वीडियो प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मैं पश्चिम बंगाल की जनशक्ति के सामने नतमस्तक हूं।" प्रधानमंत्री का यह साष्टांग प्रणाम राज्य की जनता के प्रति उनके आभार और बंगाल की संस्कृति के प्रति उनके गहरे जुड़ाव का प्रतीक बनकर उभरा है।

Post a Comment

0 Comments