South 24 Pargana के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान, चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना...

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराने का बड़ा फैसला लिया है। दक्षिण 24 परगना जिले के मगाहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर कल, 2 मई को पुनर्मतदान (Repolling) कराया जाएगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा शुक्रवार शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर दोबारा वोट डाले जाएंगे। यह मतदान प्रक्रिया 2 मई, शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। गौरतलब है कि दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद धांधली की कई शिकायतों के आधार पर आयोग ने यह कदम उठाया है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, फलता, डायमंड हार्बर, मगराहाट और बजबज विधानसभा क्षेत्रों से कुल 77 बूथों पर पुनर्मतदान की मांग उठी थी। शिकायतों में ईवीएम पर टेप चिपकाने, ईवीएम पर इत्र छिड़कने और सीसीटीवी कैमरों को रुमाल से ढंकने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। सबसे अधिक 32 शिकायतें फलता से और 29 डायमंड हार्बर से प्राप्त हुई थीं। प्राथमिक जांच और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर फिलहाल 15 बूथों पर फिर से मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि शनिवार को होने वाली वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


Post a Comment

0 Comments