कोलकाता :- भवानीपुर और नंदीग्राम से नवनिर्वाचित BJP विधानसभा शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेज करते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम में राज्य पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ सीआईडी के विशेषज्ञ भी शामिल किए गए हैं। गुरुवार को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने भी मध्यमग्राम स्थित घटनास्थल का दौरा किया। इससे पहले, राज्य पुलिस के कार्यवाहक महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्त बुधवार रात को ही मध्यमग्राम अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई एक संदिग्ध कार जब्त की गई है। इस कार पर सिलीगुड़ी की नंबर प्लेट लगी है, जिसे प्रारंभिक जांच में फर्जी माना जा रहा है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ गोलियां और खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में राज्य की फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी सक्रिय है।
बुधवार रात ही फॉरेंसिक टीम ने उस वाहन से नमूने एकत्र किए जिसमें चंद्रनाथ सवार थे। फिलहाल पुलिस ने उस पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है जहां चंद्रनाथ को गोली मारी गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर वहां राज्य पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया है। मृतक चंद्रनाथ रथ के शव को गुरुवार तड़के मध्यमग्राम अस्पताल से बारासात मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थानांतरित किया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज ने तीन सदस्यीय विशेषज्ञों की एक टीम बनाई है, जिसमें एक विभागाध्यक्ष और दो सहायक प्रोफेसर शामिल हैं। जांच अधिकारी इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। सीआईडी और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।




0 Comments