कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ एक बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए वामपंथी और अति-वामपंथी दलों को तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन करने का खुला निमंत्रण दिया है। शनिवार को कालीघाट स्थित अपने आवास पर रवींद्र जयंती समारोह के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में भाजपा उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक शत्रु है और उसे रोकने के लिए सभी छात्र-युवा संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों और राष्ट्रीय दलों को एक मंच पर आना चाहिए। यह घटनाक्रम उसी दिन हुआ जब शुभेंदु अधिकारी ने ब्रिगेड मैदान में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में 'आतंक का माहौल' है और उनके कार्यक्रम के लिए टेंट या लाउडस्पीकर तक की अनुमति नहीं दी गई, जिसके चलते उन्हें खुद सारी व्यवस्था करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि यह आपसी मतभेद भूलकर एक साथ आने का समय है। ममता के इस प्रस्ताव पर पलटवार करते हुए माकपा राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने रवींद्रनाथ टैगोर की पंक्तियों "जीवन जखन शुकाये जाय" के जरिए तंज कसा। पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जो भी दल इस विषय पर चर्चा करना चाहते हैं, वे शाम चार से छह बजे के बीच उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं।

0 Comments